गूगल-पे से मोबाइल रिचार्ज करने पर अब वसूला जाएगा एक्स्ट्रा चार्ज, कटेंगे उपभोक्ताओं के पैसे

गूगल-पे से मोबाइल रिचार्ज करने पर अब वसूला जाएगा एक्स्ट्रा चार्ज, कटेंगे उपभोक्ताओं के पैसे
कन्वीनियंस फीस के नाम पर कटेंगे उपभोक्ताओं के पैसे
भारत में गूगल-पे इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बुरी खबर है। अभी तक गूगल-पे से मोबाइल रिचार्ज करने पर अलग से पैसे यानी कोई एक्स्ट्रा शुल्क नहीं देना होता था, लेकिन अब देना पड़ेगा। हालांकि, गूगल ने इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया है कि गूगल-पे ने कन्वीनियंस फीस के नाम पर पैसे लेना शुरू भी कर दिया है। बता दें कि फोनपे और पेटीएम पहले से ही मोबाइल रिचार्ज के लिए एक्स्ट्रा चार्ज वसूल रहे हैं।
जब इन कंपनियों ने रिचार्ज के लिए एक्स्ट्रा चार्ज वसूलना शुरू किया था, तब गूगल ने कहा था कि उसके गूगल-पे पर मोबाइल रिचार्ज हमेशा फ्री रहेगा। इसके लिए अलग से कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। जाने-माने टिप्स्टर मुकुल शर्मा ने एक्स पर एक स्क्रीनशॉट शेयर किया है, जिसमें बताया गया कि जियो के 749 रुपए वाले रिचार्ज के लिए गूगल-पे 752 रुपए ले रहा है, जिसमें तीन रुपए कन्वीनियंस चार्ज के रूप में जुड़ा है। यह कन्वीनियंस फीस ऐप से यूपीआई और कार्ड दोनों पेमेंट मोड में देना होगा।
यह रहेगी फीस
रिपोर्ट के मुताबिक गूगल-पे से 100 रुपए या इससे कम के रिचार्ज पर कोई एक्स्ट्रा शुल्क नहीं देना होगा। 200-300 रुपए तक के रिचार्ज के लिए दो रुपए और इससे अधिक के रिचार्ज के लिए तीन रुपये कन्वीनियंस फीस के रूप में देना होगा। पेटीएम और फोनपे भी इसी तरह का शुल्क वसूलते हैं।