हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम, तीन दिन होगी बारिश और बर्फबारी

हिमाचल के पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। बर्फबारी से प्रदेश में शीत लहर बढ़ने लगी है। हालांकि दिन में अच्छी धूप खिल रही है। जिससे सिर्फ सुबह और शाम को ही ठंड पड़ रही है। लेकिन इस सब के बीच अब मौमस विभाग ने प्रदेश में तीन दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से होगा बदलाव
मौसम में यह बदलाव पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से होगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में 7 नवंबर की रात से ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिससे सात नवंबर से 9 नवंबर तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि सात नवंबर को प्रदेश के उच्च पर्वतीय कुछ भागों में ही बारिश हो सकती है।
7 से 9 नवंबर तक होगी बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग की मानें तो 8 और 9 नवंबर को मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
10 नवंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। बारिश और बर्फबारी से पूरे प्रदेश में तापमान में भी गिरावट आएगी। हालांकि लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।
कोकसर, रोहतांग और कुंचम दर्रा में हुई बर्फबारी
वहीं बीते रात लाहौल की चंद्राघाटी के कोकसर में ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम दर्रा की वादियां भी बर्फ से सफेद हो गई हैं। बर्फबारी से घाटी सहित राज्य के अन्य ऊपरी क्षेत्रों में तापमान गिर गया है और पानी भी जमने लगा है।
हालांकि, अभी मनाली.लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है। शनिवार को मनाली की तरफ से दारचा से करीब 40 से अधिक वाहनों को लेह के लिए छोड़ा गया है। रोहतांग दर्रा के साथ होने से चंद्राघाटी में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। केलांग का तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई है।