हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के तीन युवकों को उत्तराखंड पुलिस ने विकासनगर में 125 किलो डायनामाइट के साथ गिरफ्तार किया है. हालांकि, अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि युवक कहां ये मौत का सामान ले जा रहे थे.
एक सवाल यह भी है कि युवक क्या हिमाचल प्रदेश से होते हुए उत्तराखंड जा रहे थे.दरअसल, त्यूणी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिना अनुमति 125 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई उस समय हुई जब पंचायत चुनाव के मद्देनजर त्यूणी पुलिस रूटीन चेकिंग के तहत वाहनों की तलाशी ले रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध ऑल्टो कार को रोका गया

जिसकी जांच करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ.ठियोग नंबर की ऑल्टो कार की तलाशी लेने पर उसमें पांच पेटी डायनामाइट, दो डब्बे डेटोनेटर (टोपी), एक रोल लाल रंग की तार, और एक बंडल आसमानी रंग की बत्ती बरामद हुई. कुल मिलाकर डायनामाइट का वजन लगभग 125 किलोग्राम था. जब पुलिस ने कार सवार युवकों से इस विस्फोटक सामग्री के संबंध में जरूरी दस्तावेज मांगे, तो वे कोई भी वैध कागज़ नहीं दिखा सके.
इस पर पुलिस ने तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और त्यूणी थाने में मुकदमा संख्या 19/2025 के तहत धारा 3/7 विस्फोटक अधिनियम 1884 में मामला दर्ज कर लिया है. रिंकू (37), ग्राम बलंग, ठियोग, शिमला, रोहित (19) रोणाहाट, शिलाई, सिरमौर और सुनील (38) सैडोली, कोटखाई के शिमला के रूप में हुई है.

अहम बात है कि पूरा मामला संदिग्ध बना हुआ है. पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां से लाया गया था और इसका उपयोग कहां किया जाना था. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है. फिलहाल तीनों आरोपी हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. गौरतलब है कि इस पूरे मामले पर तीन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं कि युवक इतना ज्यादा विस्फोटक कहां ले जा रहे थे.

