कई जिलों में 6 को साफ हो जाएगा मौसम, 7से 9 अगस्त को कम होगी बारिश
राज्य के चार जिलों के लिए आज व कल अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। राहत भरी खबर यह है कि 6 अगस्त के बाद प्रदेश में कुछ जिलों में ही बारिश होगी और अधिकांश में मौसम साफ हो जाएगा।
इससे थोड़ी राहत लोगों को मिल सकेगी। रविवार को मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर व सिरमौर जिला में ऑरेंज अलर्ट रहने वाला है। यहां पर कुछ स्थानों पर सोमवार व मंगलवार को बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। 5 अगस्त को इसमें कांगड़ा जिला भी शामिल हो जाएगा जहां के लिए ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। इसके अलावा राज्य के किन्नौर व लाहौल स्पीति को छोडक़र शेष जिलों में भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

6 अगस्त को भी कांगडा व मंडी में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है जबकि 7 से 9 अगस्त के बीच मॉनसून की रफतार धीमी पडऩे के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर रविवार को भी मौसम खराब रहा। मैदानों सहित पहाड़ों पर सुबह के समय कई स्थानों पर बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि दिन के समय बारिश रूक गई थी। मगर उक्त अवधि के दौरान धुंध घिरी रही। वहीं शिमला में दोपहर तक मौसम साफ रहा लेकिन दोपहर बाद यहां पर झमाझम बारिश हुई जिससे शाम तक मौसम यूं ही खराब रहा।
प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, ऊना, कांगड़ा में कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में हो रही बारिश के चलते अभी भी जगह-जगह पर भूस्खलन होने की घटनाएं पेश आ रही हैं जिससे प्रदेश में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से प्रदेश में अब दिन के समय भी ठंड का एहसास होने लगा है।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी मॉनसून सामान्य बना रहा। प्रदेश के ऊना में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। ऊना में 38.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा हमीरपुर व चंबा में 18.0, पालमपुर में 10.0, नेरी में 12.0 मिलीमीटर बारिश हुई है। पांवटा साहिब, कांगड़ा, सराहन, शिमला, समधो, सेयोबाग, केलांग में भी हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश होने से नदी-नालों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में अगर अगामी दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश होती है तो प्रदेश में जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

