महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना पांवटा साहिब के वृत्त बेहडेवाला के आंगनबाड़ी केंद्र नवादा-5 में बुधवार को आठवें राष्ट्रीय पोषण माह ‘स्वस्थ नारी, सशक्त नारी, सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 16 अक्तूबर 2025 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान IYCF परामर्श सत्र, रेसिपी प्रतियोगिता एवं पौष्टिक आहार प्रदर्शन का आयोजन किया गया। वृत्त पर्यवेक्षिका बेहडेवाला श्रीमती इंद्रजीत कौर ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्यान्न से पौष्टिक रेसिपी तैयार करने और सस्ते एवं संतुलित आहार बनाने के उपायों पर जानकारी दी। साथ ही, स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई के महत्व पर भी जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त, विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं स्वास्थ्य शिक्षा संबंधी जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कविता देवी, श्रीमती ममता देवी, आशा कार्यकर्ता श्रीमती सुषमा, स्थानीय गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, किशोरियां एवं अन्य महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।