हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस (HP-18 9782) में सफर के दौरान एक महिला द्वारा बच्चे को जन्म देने का सुखद मामला सामने आया है।
शुक्रवार शाम को कुहट(शिलाई)-हरिपुरधार-रेणुकाजी-नाहन रूट पर चलने वाली निगम की बस में एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। यह महिला का दूसरा बच्चा बताया जा रहा है। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों नाहन मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, नेहली से एक गर्भवती महिला सरोज, अपने पति और सास के साथ नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने के लिए ददाहू से नाहन जाने वाली बस में सवार हुई थी। जब बस जमटा से थोड़ा आगे पहुंची, तो महिला को अचानक प्रसव पीड़ा (Labor Pain) शुरू हो गई।

दर्द असहनीय होने पर महिला के पति ने तुरंत परिचालक (कंडक्टर) सीता राम को इसकी जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक (ड्राइवर) राजेंद्र सिंह ने तुरंत बस को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।
इस आपातकालीन स्थिति में चालक और परिचालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में सवार पुरुष यात्रियों से अगली सीटों पर जाने का अनुरोध किया और महिला यात्रियों से पीछे की सीट पर जाकर प्रसव में मदद करने की अपील की। चालक-परिचालक के इस अनुरोध पर पुरुषों ने तुरंत सीटें खाली कर दीं और महिलाओं ने पीछे मोर्चा संभाला, जिससे बस ही ‘लेबर रूम’ में तब्दील हो गई।

बस में ही सफल प्रसव होने के बाद, यात्रियों ने 108 एम्बुलेंस को सूचित किया। बनोग के पास जच्चा-बच्चा को 108 एम्बुलेंस में शिफ्ट कर नाहन मेडिकल कॉलेज पहुँचाया गया।
मेडिकल कॉलेज नाहन के गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि महिला ने शाम करीब सवा 8 बजे बस में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। अस्पताल में दोनों का उचित उपचार किया जा रहा है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

