पांवटा साहिब के नेशनल हाईवे पर एक बेहद लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक पटवारी की सड़क हादसे में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह (उम्र 40 वर्ष), निवासी कोडगा चांदनी, अपने कार्यालय (पटवारखाना) से कार्य समाप्त करने के बाद धौलाकुआं में खड़े थे। इसी दौरान वह अपनी निजी कार (HP 17J 4466) की डिग्गी से सामान निकाल रहे थे।

तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद घटना पर सिरमौर पटवारी संघ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संघ के पदाधिकारियों ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
मामले की पुष्टि एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने करते हुए कहा कि यह एक दुखद घटना है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

