उपमंडल पांवटा साहिब के मतरालियों में एक 11 वर्षीय बच्चे की तेज बुखार के कारण मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मग्गन (11) पुत्र अजीज के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मग्गन मूल रूप से अलीनगर, जिला सरावस्ती, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और वर्तमान में अपने परिवार के साथ पांवटा साहिब के मतरालियों में रह रहा था।परिजनों ने बताया कि मग्गन को पिछले 5-6 दिनों से तेज बुखार था। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक वह बेहोशी की हालत में फर्श पर गिर गया।
परिजन घबराकर तुरंत उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में तैनात डॉ. पीयूष तिवारी ने बताया कि सुबह एक बच्चे को अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टि में मौत का कारण तेज बुखार लग रहा है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि परिवार मजदूरी के सिलसिले में उत्तर प्रदेश से पांवटा साहिब आया था। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताया है।

