हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में बीती रात को आफत की बारिश हुई. यहां पर 12 घंटे से लगातार बारिश हो रही है और अब तक तीन लोगों की मौत हो गई है. तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं.
एक महिला की तलाश जारी है. एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव के लिए मौके पर पहुंची हैं.जानकारी के अनुसार, मंडी शहर में जेल रोड़ से पूर्व पार्षद कृष्णा के परिवार पर आपदा का कहर बरपा है. सुबह तड़के चार बजे यहां पर भारी बारिश के चलते उनके घर के पास के नाले में फ्लेश फ्लड आ गया और इस दौरान अपनी बाइक को बचाने के चक्कर में यहां पर उनका बेटा, पोता और बहू बह गए.

इस दौरान बेटे और पोते का शव बरामद कर लिया गया है. लेकिन महिला लापता है. हालांकि, एक और लाश यहां पर मिली, जिसकी पहचान होना बाकी है. वहीं, पूर्व पार्षद के बड़े बेटे को रेस्क्यू किया गया.
शुरुआती जानकारी में पता चला है कि घर के साथ के रास्ते में बाइक को फ्लैश फ्लड से बचाने के चक्कर में परिवार भी चपेट में आ गया. डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि जेल रोड और जोन अस्पताल तक 11 किमी का दायरा फ्लेश फ्लड की चपेट में आया और इस वजह से दोनों जगहों पर काफी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है. एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया है.

